लोकवाणी बागपत ||
DM मैम ने जो किया, वो हमारे बच्चों को भी बताएंगे कि मेहनत कभी अनदेखी नहीं होती
जनपद बागपत में श्रावणी कांवड़ यात्रा एवं मेले के सफल संचालन में सहभागी विभिन्न नगर निकायों के सफाईकर्मियों को पहली बार आत्मीय और गरिमामय ढंग से सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल की पहल पर नगर विकास विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट लोकमंच पर महाशिवरात्रि मेले में सेवा देने वाले 130 सफाईकर्मियों के सम्मान में विशेष भोज का आयोजन हुआ
जिसमें 130 से अधिक कर्मचारियों ने सहभागिता की।

जिलाधिकारी ने कहा कि इन कर्मयोगियों के बिना कोई आयोजन सफल नहीं हो सकता।
श्रावणी कांवड़ यात्रा जैसे विराट धार्मिक आयोजन को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाना इन्हीं की अथक मेहनत का परिणाम है।

भोज में शामिल हुए सफाईकर्मियों ने भावुकता के साथ बताया कि जिलाधिकारी ने जो सम्मान दिया है वह हमेशा याद रहेगा।
पहली बार किसी शीर्ष अधिकारी ने इस प्रकार पर्दे के पीछे कार्य करने वाले मेहनती कर्मचारियों के योगदान एवं भूमिका को मंच पर सम्मानित किया।

सामान्यत आयोजनों की सफलता का श्रेय सुरक्षा, यातायात या धार्मिक प्रबंधन को जाता है, लेकिन इस बार प्रशासन ने उन जमीनी योद्धाओं को केंद्र में रखा, जो धूप, बारिश और भीड़ में भी स्वच्छता बनाए रखते हैं।
लोकमंच पर सभी 130 कर्मियों को प्रशस्तिपत्र देकर गौरव के साथ सम्मानित किया गया, जिसने पूरे नगर विकास विभाग के मनोबल को ऊंचा कर दिया|
जिलाधिकारी की इस पहल ने केवल बागपत के लिए नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव, अमरचंद वर्मा एसडीएम बागपत, भावना सिंह एसडीएम बड़ौत, निकेत वर्मा एसडीएम खेकड़ा, अधिशासी अधिकारी बागपत के.के. भड़ाना, ईओ खेकड़ा हरिलाल पटेल, ईओ बड़ौत मनोज रस्तोगी, ईओ छपरौली सीमा राघव, ईओ रटौल विराज त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।






