लोकवाणी न्यूज़ | बागपत
टूटे हाथ के इलाज के लिए लिया गया मामूली कर्ज एक गरीब मजदूर के लिए जीवनभर की जमा-पूंजी छिनने की वजह बन गया।
बड़ौत शहर के गुराना रोड निवासी इंद्रपाल ने एक दबंग साहूकार पर धोखाधड़ी कर उसका मकान हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है।

सोमवार को पीड़ित इंद्रपाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई।
उसने बताया कि हाथ टूटने के बाद ऑपरेशन के लिए करीब 30 हजार रुपये की जरूरत थी।
आर्थिक तंगी के चलते 3 सितंबर को उसने शहर के एक साहूकार से 4 प्रतिशत मासिक ब्याज पर 20 हजार रुपये उधार लिए।
आरोप है कि साहूकार ने इंद्रपाल के अनपढ़ होने का फायदा उठाते हुए कर्ज के बदले एफिडेविट कराने के बजाय मकान बेचने का इकरारनामा करा लिया।
पीड़ित का कहना है कि जब वह तय समय पर कर्ज की रकम लौटाने पहुंचा, तो साहूकार ने पैसे लेने से इनकार कर दिया और मकान खाली करने की धमकी देने लगा।
इंद्रपाल के अनुसार वही मकान उसके परिवार की एकमात्र छत है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और धोखाधड़ी से कराए गए एग्रीमेंट को निरस्त कराने की मांग की है।
यह मामला एक बार फिर सूदखोरी और गरीबों के शोषण की गंभीर सच्चाई को उजागर करता है।






