Lokwani News

Lokwani News

बागपत

तालाब बना बंदरों के लिए कब्रिस्तान

20 से अधिक बंदर मृत मिलने से, गांव में फैली सनसनी

भागोट गांव का मामला, पुलिस और ग्रामीण प्रशासन जांच में जुटे

लोकवाणी बागपत ||

बागपत। चांदीनगर थाना क्षेत्र के भागोट गांव में बृहस्पतिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के तालाब में 15 से 20 से अधिक बंदरों के शव तैरते हुए मिले।

इस घटना को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही चांदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी मृत बंदरों को तालाब से बाहर निकलवाया।

इसके बाद जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर बंदरों के शवों को दफना दिया गया।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि बंदरों की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

सभी मृत बंदरों के पोस्टमार्टम के लिए नमूने भेजे गए हैं।

रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा।

ग्राम प्रधान पति काशीराम ने बताया कि तालाब में 15 से 20 से अधिक मृत बंदर मिले थे, जिन्हें जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर दफनाया गया है।

उन्होंने कहा कि बंदरों की मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीणों का मानना है कि बंदरों को किसी ने जहरीला पदार्थ खिला दिया होगा, जबकि कुछ इसे मौसम या पानी से जुड़ी समस्या बता रहे हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन दोनों ही मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *