लोकवाणी बागपत ||
गणतंत्र दिवस के अवसर पर बड़ौत नगर पालिका परिसर में विकसित संविधान पार्क का लोकार्पण जनपद के लिए ऐतिहासिक क्षण बन गया।
यूपी सरकार के राज्यमंत्री केपी मलिक, जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं नगर पालिका अध्यक्ष बबीता तोमर ने संयुक्त रूप से पार्क का उद्घाटन किया।
संविधान पार्क का मुख्य आकर्षण 11 फीट ऊँची और 14 फीट चौड़ी संविधान की विशाल प्रतिकृति है, जिसका निर्माण रिसाइकल्ड मटीरियल से किया गया है।

लगभग 600 किलोग्राम वजनी यह संरचना संविधान की प्रस्तावना के माध्यम से नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के मूल्यों से जोड़ती है।
पार्क में नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों से संबंधित जागरूकता बोर्ड लगाए गए हैं, जो स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा और संविधान के सम्मान का संदेश देते हैं।

महात्मा गांधी के चरखे की स्थापना आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी सोच की प्रेरणा देती है।
व्याघप्रस्थ थीम पर विकसित वाटर कियोस्क एवं बुक पॉइंट्स पार्क को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं।
बुक पॉइंट्स को ओपन लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया गया है, जहाँ युवाओं और बच्चों को संविधान एवं सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी मिल रही है।






