लोकवाणी बागपत:
बागपत। थाना बागपत क्षेत्र के पुराना कस्बा, देशराज मोहल्ला में रहने वाले एक युवक के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 3 लाख 93 हजार रुपये निकाल लिए।
ठगी की घटना सामने आने के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित सुखपाल पुत्र स्व. जयपाल सिंह ने बताया कि उनके यूनियन बैंक खाते से 16 नवंबर की सुबह 8:29 बजे और 8:33 बजे दो ट्रांजेक्शन के जरिए ₹2,43,000 और ₹1,50,000 की रकम उड़ा दी गई। युवक के मुताबिक उसने किसी को भी ओटीपी, पासवर्ड या कोई बैंक संबंधी जानकारी नहीं दी थी।
खाते से बड़ी धनराशि निकलने के बाद युवक ने मामले की शिकायत थाना बागपत में दर्ज कराते हुए साइबर ठगी की जांच कर राशि वापस दिलाने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।






