बागपत प्रशासन ने शुरू किया ‘पशु रैन बसेरा’, नेताओं ने दी बधाई
बागपत लोकवाणी।
भीषण सर्दी से जूझते बेसहारा पशुओं के लिए बागपत प्रशासन ने एक मानवीय कदम उठाते हुए पशु रैन बसेरा की शुरुआत की है।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल द्वारा शुरू की गई यह व्यवस्था न केवल जनपद में पहली बार लागू हुई है बल्कि प्रदेश स्तर पर भी एक मिसाल पेश कर रही है।

रैन बसेरे में रात के समय पशुओं को गर्माहट, भोजन और उपचार की व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक यह पहल उन इलाकों में ज़िंदगी बचाने वाली साबित होगी, जहाँ सर्द रातों में सबसे ज्यादा पशु प्रभावित होते हैं।
इस नवाचार की जिले भर में चर्चा है।
पहल की सराहना जिला पंचायत सदस्य मनुपाल बंसल, समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष बिल्लू प्रधान, वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र प्रमुख, पूर्व जाट महासभा अध्यक्ष देवेंद्र धामा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र धामा, गन्ना समिति अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर तथा अनेक जनप्रतिनिधियों ने की।

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यह कदम प्रशासन की संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है।
साथ ही उन्होंने इस मॉडल को अन्य जिलों में भी लागू करने की मांग उठाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों बाद प्रशासन ने पहली बार पशुओं को लेकर ऐसा ठोस और व्यावहारिक कदम उठाया है, जिससे न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी बल्कि आवारा पशुओं की समस्या भी नियंत्रित होगी।





