लोकवाणी बागपत ||
जिला बार एसोसिएशन बागपत ने जिलाधिकारी बागपत के व्यवहार को लेकर कड़ा ऐतराज जताया है।
बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार दिनांक 17 दिसंबर 2025 को अपराह्न 3 बजे अध्यक्ष सुभाष सिंह तोमर एडवोकेट की अध्यक्षता में तथा महामंत्री अजीत सिंह एडवोकेट के संचालन में बैठक संपन्न हुई।
बैठक में बताया गया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट बेंच स्थापना संघर्ष समिति, मेरठ के आह्वान पर जिला बार एसोसिएशन बागपत द्वारा माननीय प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी बागपत को सौंपा जाना था।

इस दौरान जिला बार के अध्यक्ष व महामंत्री जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां कथित तौर पर जिलाधिकारी ने लगभग 10–12 मिनट तक दोनों पदाधिकारियों से बातचीत की और फिर उन्हें बाहर बैठने के लिए कह दिया।
बार एसोसिएशन का आरोप है कि इसके बाद भी लंबे समय तक जिलाधिकारी द्वारा ज्ञापन नहीं लिया गया।
इस व्यवहार से आहत होकर अध्यक्ष व महामंत्री अधिवक्ता साथियों के बीच आकर खड़े हो गए।

लगभग 40 मिनट तक जनपद के करीब 400 अधिवक्ता जिलाधिकारी के इंतजार में बैठे रहे।
आरोप है कि अधिवक्ता समाज द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से इंतजार व बाद में धरना दिए जाने के बावजूद जिलाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।
करीब दो घंटे बाद हाईकोर्ट बेंच स्थापना संघर्ष समिति को इस प्रकरण से अवगत कराया गया, जिसके बाद मंडलायुक्त के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की बात कही गई।
जिला बार एसोसिएशन ने इसे अधिवक्ता समाज के सम्मान के साथ किया गया अनुचित व्यवहार बताते हुए रोष व्यक्त किया है और प्रशासनिक अधिकारियों से अपेक्षा की है कि भविष्य में अधिवक्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।






